बगहा। रामनगर थाना क्षेत्र के मिल बहुअरी गांव में सोमवार शाम 20 वर्षीय विवाहिता हुस्नतारा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के समय विवाहिता की गोद में सात-आठ माह की बच्ची होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की है। करीब छह बजे स्वजन को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो विवाहिता का शव घर के अंदर मिला। मृतका के नाक, कान और आंख से खून निकल रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
हुस्नतारा खातून की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले सरफराज आलम से हुई थी। उसका पति रामनगर चीनी मिल में काम करता है। घटना के बाद मायके वालों ने दहेज को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
मामले की सूचना पर रामनगर थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।